अमर उजाला ब्यूरो
जुन्गा (शिमला)। जुन्गा की छलंडा-पीरन-जघेड़ सड़क छोटे वाहनों के लिए खुल गई है। इससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। मार्ग में नारिगा पुल से आगे कैंची में भूस्खलन से तीन जगह नुकसान हुआ था। लोक निर्माण विभाग ने सड़क को बहाल करने के लिए जेसीबी लगाई थी लेकिन उसका पाइप टूटने के कारण चार घंटे तक काम ठप रहा। इसके बाद ढली से पाइप लाने के उपरांत कार्य आरंभ हुआ। यहां भूस्खलन इतना ज्यादा था कि दो कैंची के बीच सड़क तीन स्थानों पर टूट गई थी। सड़क के बंद होने से पीरन और सतलाई पंचायत का सोलन और अन्य स्थानों के लिए संपर्क कट गया था। इस वजह से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कनिष्ठ अभियंता छलंडा धमेंंद्र कुमार ने बताया कि नारिगा पुल के समीप जघेड़ रोड पर कैंची के पास सड़क टूटने से काफी नुकसान हुआ है। फिलहाल सड़क को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि जनेड़घाट डुब्लु सड़क फनेवटी के पास भूस्खलन से अवरूद्ध है। यहां पर बार-बार भूस्खलन हो रहा है। चायल-कोटी-कुफरी सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दी गई है।