सैंज नाला में कार दुर्घटनाग्रस्त
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के चंबा और शिमला जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गए हैं। भरमौर-पठानकोट हाईवे पर हड़ोठा में ऑल्टो कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पूर्व सैनिक की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार पुत्र टेक चंद गांव हड़ोठा तहसील और जिला चंबा के रूप में हुई है। बुधवार देर रात घर जाते वक्त यह हादसा हुआ। वाहन गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे पुलिस से मदद कर घायलों को खाई से बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया।
लेकिन मेडिकल कॉलेज चंबा में तैनात चिकित्सक ने सुरेंद्र को दिया मृत घोषित कर दिया। जबकि प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे घायल को टांडा रेफर किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
वहीं, शिमला जिले में सैंज- लुहरी सड़क मार्ग(एनएच-305) पर सैंज नाला में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में जोगिंद्र सिंह पुत्र विजय सिंह, गांव शगारचा निचार जिला किन्नौर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। गांव शगारचा के दो अन्य व्यक्ति जितेंद्र कुमार व ईश्वर सिंह को चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए सीएच कुमारसैन ले जाया गया।