शादी समारोह से लौट रहे दंपती समेत तीन लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा नगरोटा के ठानपुरी में वीरवार रात 11 बजे हुआ। शादी समारोह से लौट रहे पति-पत्नी सहित एक अन्य युवक की नगरोटा बगवां के साथ लगते ठानपुरी में सड़क हादसे में मौत हो गई। तीनों लोग एक बाइक पर सवार थे और पंचायत सदरपुर के रहने वाले थे। इस संबंध में नगरोटा बगवां थाना में मामला दर्ज किया गया है। वीरवार रात हादसा उस समय हुआ, जब उनकी बाइक स्कूटी को ओवरटेक करते हुए सामने से आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस से टकरा गई। बस चंडीगढ़ से बैजनाथ जा रही थी।
जानकारी के अनुसार वीरवार रात को ठानपुरी में छिंदे दा ढाबा के पास एक बाइक आगे चल रही स्कूटी को ओवरटेक करते हुए एचआरटीसी की बस से टकरा गई। बाइक पर एक महिला सहित तीन व्यक्ति सवार थे। हादसे के बाद इनमें से एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और अन्य दो सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को टांडा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दोनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान गुलशन (34) पुत्र खुशी राम, सुमन देवी (32) पत्नी गुलशन कुमार और राकेश (40) पुत्र धर्म सिंह निवासी सदरपुर डाकघर टांडा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि गुलशन और राकेश टांडा मेडिकल काॅलेज में वार्ड बॉय थे। गुलशन का एक बेटा, जबकि राकेश का एक बेटा और बेटी है। हादसे की खबर सुनते ही क्षेत्र में शोक की लहर है। उधर, डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा और एसएचओ चमन लाल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। वहीं, शुक्रवार को तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।