हिमाचल प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान का एरियर इसी महीने में नकद मिलेगा। शनिवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त प्रबोध सक्सेना ने कार्यालय आदेश जारी किए हैं। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार संशोधित वेतनमान के एरियर का भुगतान सरकारी कर्मियों को नकद मिलेगा। ग्रुप ए, बी, सी के कर्मियों को 50,000 और डी श्रेणी के कर्मियों को 60,000 रुपये तक का एरियर नकद मिलेगा। यह एरियर 1 जनवरी 2016 से लेकर 31 दिसंबर 2021 तक का दिया जाएगा।
उन सरकारी कर्मचारियों को संशोधित वेतन एरियर का कोई भुगतान नहीं होगा, जिन्होंने न्यूनतम 15 फीसदी की वृद्धि के माध्यम से संशोधित वेतन के निर्धारण का विकल्प चुना है। पहले जारी अंतरिम राहत राशि एरियर के साथ समायोजित होगी। राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों के मामले में एरियर का भुगतान आयकर कटौती के अधीन होगा।
यहां क्लिक कर देखें पूरी अधिसूचना
जिन पेंशनरों की ग्रेच्युटी संशोधित वेतन में कम बन रही है और पहले ज्यादा दी गई है, वह भी एरियर में समायोजित होगी। 1 जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2021 तक विभिन्न सरकारी विभागों या राज्य सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, बोर्डों, निगमों आदि में राज्य सरकार के जिन कर्मियों ने कार्य किया है या कर रहे हैं, उन्हें संबंधित विभाग या पीएसयू, बोर्ड, निगम आदि की ओर से एरियर तैयार और वितरित किया जाएगा। यह आदेश उन सरकारी कर्मचारियों पर भी लागू होंगे, जिनका वेतन यूजीसी के वेतन ढांचे के तहत जारी होता है।
किसे कितना एरियर मिलेगा
श्रेणी एरियर(हजार रुपये में)
ग्रुप ए 50,000
ग्रुप बी 50,000
ग्रुप सी 50,000
ग्रुप डी 60,000 तक
ये भी पढ़ें: Mythological Beliefs: हिमाचल के इस गांव में आज भी एक ही बैल से की जाती है खेत की जुताई, जानें वजह
पेंशनरों को मिलेगा ये लाभ
जिन कर्मियों की 1 जनवरी 2016 को या उसके बाद सेवानिवृत्त हुए हैं या मृत्यु हो गई, उन्हें पेंशन और परिवार पेंशन एरियर के प्रत्येक तत्व का 20 फीसदी भुगतान सितंबर 2022 के महीने में किया जाएगा। इसके लिए सीलिंग 50,000 रुपये तय की गई है। इसके साथ ही जिन कर्मियों की 1 जनवरी 2016 को या उसके बाद सेवानिवृत्त या मृत्यु हुई है, उन्हें ग्रेच्युटी के 20 फीसदी एरियर का भुगतान भी इसी महीने होगा। वहीं 2016 से पहले के पेंशनभोगियों, पारिवारिक पेंशनभोगियों को 1 जनवरी 2016 को पेंशन या पारिवारिक पेंशन में संशोधन के कारण अर्जित पेंशन या पारिवारिक पेंशन के 20 फीसदी एरियर का भी सितंबर में भुगतान होगा। यह एरियर 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 तक 50,000 की सीलिंग व जरूरी समायोजन के साथ देय होगा।
30 सितंबर को नियमित होंगे हजारों सरकारी कर्मचारी
उधर, प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों, निगमों और बोर्डों में दो वर्ष का सेवाकाल पूरा करने वाले हजारों कर्मचारी 30 सितंबर को नियमित होंगे। दो वर्ष का सेवाकाल पूरा करने वाले कर्मचारियों को नियमित करने के लिए कार्मिक विभाग के आदेशों पर विभागीय अधिकारियों ने कसरत शुरू कर दी है। जिला अधिकारियों से सभी श्रेणियों के ऐसे कर्मचारियों की सूचियां निदेशालयों में जमा करवाने को कहा गया है। प्रदेश सरकार हर वर्ष 31 मार्च और 30 सितंबर को दो वर्ष का सेवाकाल पूरा करने वाले कर्मचारियों को नियमित करती है।