शिमला। राजधानी के एपीजी विश्वविद्यालय में शनिवार को डांस और संस्कृति का महाकुंभ सजा। एमबीए और कॉमर्स विभाग की ओर से डीन डॉ. नीति नाग की अगुवाई में दो दिवसीय इंटर-कॉलेज डांस प्रतियोगिता झंकार 2026 नेक्स्टजेन मल्टी कैंपस डांस कंपीटिशन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शिमला विश्वविद्यालय और नेक्स्टजेन सीटीपीएल के सौजन्य से आयोजित हुआ। प्रतियोगिता में हिमाचल विश्वविद्यालय और राजस्थान सहित देश के कई प्रमुख कॉलेजों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने अपने-अपने लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। निर्णायक मंडल के रूप में जाने-माने थियेटर एवं डांस कलाकार डॉ. नरेश कुमार कौंडल और डांस आर्टिस्ट मीनाक्षी शर्मा ने शिरकत की। इस अवसर पर रजिस्ट्रार डॉ. आरएल. शर्मा, डीन फैकल्टी डॉ. अश्वनी शर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. नीलम शर्मा, डीन एकेडमिक्स डॉ. आनंद मोहन और डीन हेल्थ एंड एलाइड साइंसेज डॉ. टीना शर्मा उपस्थित रहे। डॉ. अश्वनी शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और टीम स्पिरिट को बढ़ाते हैं, जो करियर के लिए बेहद जरूरी है। संवाद