रेड ब्यूड प्लम। दिल्ली में यह प्लम सेब से भी महंगा बिका।
200 रुपये किलो बिका रेट ब्यूट पल्म
कोटगढ़ के बागवान ने दिल्ली में बेचे 250 पैनेट
700 ग्राम के पैनेट को 140 रुपये मिला रेट
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शिमला जिले के कोटगढ़ के प्लम को इस सीजन में बढ़िया रेट मिल रहे हैं। कोटगढ़ के बागवान का रेट ब्यूट किस्म का पल्म दिल्ली की आजादपुर फल मंडी में 200 रुपये प्रति किलो के थोक मूल्य पर बिका है।कोटगढ़ भरेड़ी के बागवान लालचंद भैक ने 250 पैनेट प्लम दिल्ली भेजा था, जिससे प्रति पैनेट 140 रुपये दाम मिला है। एक पैनेट (पारदर्शी पैकेट) का वजन लगभग 700 ग्राम होता है। इस तरह एक किलो के करीब 200 रुपये मिले हैं। एक पैनेट में करीब 12 पल्म भरे गए थे।बागवान लालचंद भैक ने बताया कि उनके बगीचे में रेड ब्यूट किस्म के 12 पौधे हैं, जिससे सालाना करीब 500 पैनेट पल्म का उत्पादन होता है। ब्लैक अंबर किस्म के पल्म के पौधे भी उन्होंने अपने बगीचे में लगाए हैं, जो अभी छोटे हैं। बगीचे में पल्म के अलावा सेब और नाशपाती के भी पेड़ हैं। पिछले साल रेड ब्यूट पल्म 110 रुपये प्रति पैनेट बिका था, इस साल प्रति पैनेट 30 रुपये तक अधिक दाम मिले हैं। कोरोना संकट के बीच विटामिन सी से भरपूर फलों की मार्केट में अधिक डिमांड है।