शिमला। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला की ओर से टुटू स्थित क्रीसेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला के सचिव एवं न्यायिक अधिकारी उमेश वर्मा ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015, पॉक्सो एक्ट, 2012 और बच्चों के अधिकारों से जुड़े प्रमुख कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। इस दौरान जिला बाल संरक्षण इकाई की संरक्षण अधिकारी डॉ. समा गर्ग ने बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण या असुरक्षित स्थिति का सामना करने पर आगे आकर कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। साइबर क्राइम थाना शिमला के कांस्टेबल संजीव ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और इंटरनेट पर निजी जानकारी साझा करने से जुड़े खतरों के प्रति सतर्क किया। संवाद