राष्ट्रीय राफ्टिंग प्रतियोगिता
- फोटो : अमर उजाला
पिरड़ी में चल रही राष्ट्रीय राफ्टिंग प्रतियोगिता में हिमाचल ने दमदार आगाज किया है। पुरुष और महिला वर्ग की सलालम प्रतियोगिता में हिमाचल की टीम ने स्वर्ण जीता। मिश्रित स्पर्धा में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की टीम ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। खराब मौसम के कारण प्रतियोगिता के पहले दिन बुधवार को एक भी मुकाबला नहीं हो पाया था। गुरुवार को मौसम साफ होते ही ब्यास की लहरों में प्रतियोगिता शुरू हुई। महिला और पुरुष वर्ग की सलालम स्पर्धाएं करवाई गईं। पुरुष वर्ग की सलालम चैंपियनशिप में हिमाचल की ए टीम ने स्वर्ण, आईटीबीपी ने रजत और जम्मू-कश्मीर ने कांस्य पदक झटका।
महिला वर्ग में हिमाचल की ए टीम ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। आईटीबीपी ने रजत और हिमाचल की बी टीम ने कांस्य पदक पर कब्जा किया। मिश्रित वर्ग में आईटीबीपी ने स्वर्ण, हिमाचल ए ने रजत और हिमाचल बी ने कांस्य पदक जीते हैं। प्रदेश क्याकिंग और कैनोइंग एसोसिएशन के महासचिव डॉ. पीएस गुलेरिया ने कहा कि हिमाचल और आईटीबीपी के खिलाड़ियों ने सलालम स्पर्धा में दमदार प्रदर्शन किया है।