शिमला। अखिल भारतीय पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (एआईपीएनबीओए) शिमला इकाई ने बुधवार को लिफ्ट के पास स्थित पीएनबी आंचलिक कार्यालय के बाहर नई स्थानांतरण नीति के खिलाफ प्रदर्शन किया। हिमाचल प्रदेश यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के संयोजक नरेंद्र शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों की मुख्य मांगों पर नई स्थानांतरण नीति को रद्द करना, संशोधित मूल वेतन के अनुसार चिकित्सा सहायता स्वीकृत करना, पीएलआई का बकाया स्वीकृत करना, अतिरिक्त वेतन वृद्धि देना शामिल है। संगठन सचिव एवं सर्किल सचिव शिमला ईश्वर सिंह नेगी ने बताया कि प्रबंधन ने बहुसंख्यक एसोसिएशन के साथ किसी भी चर्चा के बिना पीएनबी के नए एमडी और सीईओ के शामिल होने के बाद स्केल 1, 2 और 3 के अधिकारियों को विस्थापित करने के लिए एकतरफा नई स्थानांतरण नीति शुरू की है। इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष सिद्धार्थ जेरेट, कार्यकारी अध्यक्ष आशुतोष शर्मा सहित अन्य कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे। संवाद