शिमला। सेंट बीड्स कॉलेज शिमला में उद्यमिता, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में 175 छात्राओं ने विभिन्न कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। समारोह के शनिवार को हुए समापन पर एचपीसीईडी की कार्यकारी निदेशक एवं उद्योग निदेशालय की संयुक्त निदेशक दीप्ति खत्री मुख्य अतिथि शामिल हुई। उन्होंने छात्राओं को पारंपरिक नौकरियों पर निर्भर रहने के बजाय अपने विचारों को व्यवसाय का रूप देने और युवा उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कॉलेज में प्री-इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित करने में सहयोग देने की पहल भी की। कार्यशाला के दौरान सात सत्र आयोजित किए गए। इनमें बेकिंग, मेकअप एवं सौंदर्य, फैशन डिजाइनिंग, परिधान निर्माण, व्यक्तिगत पहचान विकसित करने, डिजिटल उद्यमिता, फ्रीलांसिंग, नृत्य, ग्राफिक डिजाइन और क्रोशिया सहित हस्तनिर्मित उत्पादों के माध्यम से व्यवसाय शुरू करने के अवसरों की जानकारी दी गई। कार्यशाला की संयोजक एवं जूलॉजी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. श्वेता ठाकुर ने स्वागत संबोधन किया जबकि राजनीति विज्ञान विभाग की सहायक आचार्य एवं सह-संयोजक कोमल शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज की प्रधानाचार्य सिस्टर रोसिली टीएल के संरक्षण में किया गया। संवाद