हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक गहमागहमी के बीच अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को शिमला पहुंचीं। प्रियंका चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से होते हुए शिमला पहुंची हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी प्रियंका के साथ शिमला लौटे हैं। प्रियंका गांधी का यह निजी दौरा बताया जा रहा है। शिमला दौरे के दौरान प्रियंका हिमाचल के कई कांग्रेस नेताओं से मुलाकात कर लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों पर फीडबैक ले सकती हैं। इससे पहले भी वह शिमला आती रही हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार उत्तर भारत में कांग्रेस की एकमात्र सरकार पर छाए सियासी संकट को दूर करने के लिए प्रियंका गांधी शिमला में पार्टी विधायकों और मंत्रियों से मुलाकात कर सकती हैं। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से मिलकर सरकार और संगठन के बीच समन्वय स्थापित कर सकती हैं।