प्रधानाचार्य निलंबित(सांकेतिक)
- फोटो : सोशल मीडिया
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के थाना क्षेत्र बड़सर के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कठियाना के प्रधानाचार्य को निलंबित कर दिया है। सरकारी स्कूल में कथित तौर पर प्रधानाचार्य पर विद्यार्थियों की ओर से लगाए गए अभद्र व्यवहार के आरोप पर उच्च शिक्षा विभाग ने तीन दिन के भीतर यह कड़ी कार्रवाई की है। शिक्षा उपनिदेशक ने विद्यार्थियों से संबंधित शिकायत की रिपोर्ट शिक्षा निदेशालय को भेजी थी। अब शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधानाचार्य को निलंबित कर दिया है। प्रधानाचार्य का मुख्यालय शिक्षा विभाग निदेशालय शिमला तय किया गया है। एक दिन पूर्व प्रधानाचार्य की ओर से तीन दिन के लिए मांगे गए अवकाश को भी शिक्षा उपनिदेशक ने नामंजूर कर दिया था। स्कूल प्रधानाचार्य पर बीते बुधवार को विद्यार्थियों ने अभद्र भाषा में बातचीत करने के आरोप लगाए थे। वहीं, अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर प्रदर्शन किया था। मामले की सूचना मिलते ही उच्च शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर अनिल कौशल मौके पर पहुंचे थे।