शिमला। राष्ट्रीय डाक सप्ताह के उपलक्ष्य पर प्रदेश के विभिन्न डाक मंडलों में डाक और पार्सल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर डाक विभाग ने प्रदेश के सभी मंडलों में अपने प्रमुख ग्राहक समूहों के साथ बैठकें कीं और उन्हें नई योजनाओं की जानकारी दी। डाक और पार्सल दिवस पर विद्यार्थियों को डाकघरों का दौरा करवाया गया। इस दौरे का उद्देश्य छात्रों को डाक सेवा के कार्य और उसके महत्त्व को समझाना था। छात्रों को बताया कि कैसे डाक विभाग पारंपरिक पत्र और पार्सल सेवा से लेकर आज की डिजिटल सेवाओं तक की विविध सेवाएं प्रदान कर रहा है। डाक सेवाएं हिमाचल प्रदेश डाक परिमंडल के निदेशक बिशन सिंह ने बताया कि ग्राहक समूहों के साथ हुई इन बैठकों में प्राप्त सुझाव के आधार पर डाक सेवाओं को अधिक उपयोगी और सुविधाजनक बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे। संवाद