शिमला। राजकीय वरिष्ठ आदर्श माध्यमिक पाठशाला पोर्टमोर में शुक्रवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एनसीसी कैडेटों का चयन किया गया। एनसीसी में शामिल होने के लिए 118 छात्राओं ने चयन प्रक्रिया में भाग लिया। स्कूल शिक्षिका एवं एनसीसी प्रभारी त्रिप्ता शर्मा ने बताया कि 45 छात्राओं का बतौर कैडेटों चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह चयन प्रक्रिया पहली एचपी गर्ल्स बटालियन सोलन के तत्वावधान में हुई। इसमें सेना यूनिट से नायब सूबेदार अजमेर सिंह और नायक मुकेश कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। चयन के दौरान छात्राओं का ग्राउंड टेस्ट, लिखित परीक्षा, हाइट और वेट की जांच की गई। इस प्रक्रिया को सफल बनाने में सीनियर कैडेट अर्पिता, आकृति और हिमानी ने अहम भूमिका निभाई। विद्यालय की ऑफिशिएटिंग प्रिंसिपल रक्षा जमवाल ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जो छात्राएं इस बार चयनित नहीं हो पाएंगी, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। संवाद