शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विवि इकाई ने शुक्रवार को कुलपति से मुलाकात कर शिक्षा मंत्री को छात्रों की समस्याओं को लेकर मांगपत्र सौंपा। इकाई सचिव अंकित चंदेल की अगुवाई में कुलपति से मिले एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल ने मांगपत्र में मुख्य रूप से छात्र संघ चुनाव बहाल करने, विवि द्वारा घोषित यूजी के परीक्षा परिणाम को सही करवाने, रिजल्ट सेटल करने, मंडी कलस्टर विवि के स्थायी परिसर का निर्माण और वहां इसी सत्र से कक्षाएं शुरू करने, कॉलेजों में रिक्त पड़े शिक्षकों के पद जल्द भरने, निजी मेडिकल कॉलेजों में बढ़ाई गई फीस को कम करने और शिक्षा के व्यापारीकरण रोक लगाने की मांगों को प्रमुखता से उठाया है। इसके अलावा केंद्रीय विवि के स्थायी परिसर का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने, आउटसोर्स भर्तियों को तुरंत बंद कर नियमित भर्ती करने, संस्कृत कॉलेजों की दयनीय स्थिति में सुधार करने और प्रदेश में अलग संस्कृत विवि बनाने की मांग उठाई। इसके साथ ही एबीवीपी ने निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग और निजी विवि में भ्रष्टाचार एवं व्यापारीकरण को बंद करने के लिए कारगर कदम उठाने, कॉलेजों में मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने जैसी मांगें उठाई हैं। अंकित ने कहा कि यदि यह मांगे पूरी न की तो एबीवीपी प्रदेशभर में उग्र आंदोलन शुरू कर देगी।