शहर में स्कूल खुलने के बाद यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए बनाया प्लान
शिमला। राजधानी के निजी स्कूल खुलने पर यातायात व्यवस्था बहाल रखने के लिए शिमला पुलिस ने ट्रैफिक को नियंत्रित करने का प्लान तैयार कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक जवानों को सुबह 8:00 के बजाय 7:00 बजे ही ड्यूटी पर तैनात होने के निर्देश दिए हैं।
शहर के सभी बड़े निजी स्कूल सर्कुलर सड़क से सटे हैं। इस दौरान स्कूल शुरू होने से बंद होने तक सड़क पर ट्रैफिक का दबाव बहुत ज्यादा रहता है। पुलिस का मानना है कि शहर में लांगवुड, विक्ट्री टनल, ताराहाल व हिमलैंड में ज्यादा जाम लगता है। आॉकलैंड, ताराहाल, दयानंद और सेंट एडवर्ड स्कूल लगभग सुबह एक ही समय पर खुलते हैं। इस दौरान वाहनों का सड़कों पर सबसे ज्यादा दबाव रहता है। अब इन सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस जवानों की संख्या बढ़ेगी। इसके साथ में जवानों की ड्यूटी अवधि को भी बढ़ा दिया जाएगा। यही नहीं, इन सभी स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जाएगी। ओवरटेकिंग से लेकर नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।