कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। हिमाचल में जयराम सरकार आज तक की सबसे कमजोर सरकार रही है। जयराम ठाकुर खुद एक कमजोर मुख्यमंत्री हैं, उनके आदेशों पर अफसरशाही कोई भी अमल नहीं कर रही। हिमाचल के संबंध में किए सर्वे पर कहा कि यह भाजपा की रणनीति है। भाजपा अपने मित्रों के जरिये माहौल बनाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। यह दिल्ली का सर्वे है, जोकि हकीकत से कोसों दूर है। सर्वे में विरोधाभासी बातें कही गई हैं। सर्वे में बताया गया है कि 45 फीसदी लोग जयराम सरकार से नाराज हैं।
वहीं 33 फीसदी लोग नाराज तो हैं, लेकिन सरकार को बदलना नहीं चाह रहे। अगर नाराजगी के पूरे आंकड़े को देखा जाए तो कुल मिलाकर 78 फीसदी लोग जयराम सरकार से नाराज हैं। सीटों में अगर इस आंकड़े को बदला जाए तो इसके आधार पर 55 से 60 सीटें कांग्रेस को मिलती दिख रही हैं। चौहान ने कहा कि एक सर्वे में साफ है कि हिमाचल में कांग्रेस सत्ता में आती दिख रही है। यह चैनल मतदाताओं का ऑनलाइन सर्वे कर रहा है। कांग्रेस को 55 फीसदी लोग सता में लाना चाहते हैं। हिमाचल में हर वर्ग भाजपा की सरकार से नाराज है। किसान बागवान, कर्मचारी, पेंशनर्स सहित सभी वर्ग भाजपा की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है।
पत्रकारों से चरित्र प्रमाण पत्र मांगना शर्मनाक
नरेश चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे की कवरेज के लिए मीडिया कर्मियों से चरित्र प्रमाण पत्र मांगने के प्रशासन के फरमान को लोकतंत्र के लिए शर्मनाक बताया है। देश के इतिहास में यह पहली बार है कि पत्रकारों से इस तरह चरित्र प्रमाण पत्र मांगे गए।