शिमला। अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव के तहत गेयटी थियेटर में 8 से 12 जून तक द शिमला ग्रीष्मोत्सव–रंगमंच उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस पांच दिवसीय नाट्य उत्सव में हर दिन शाम को विभिन्न प्रतिष्ठित रंगमंच संस्थाओं द्वारा उत्कृष्ट नाटकों का मंचन किया जाएगा। जिला प्रशासन शिमला द्वारा आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध रंगमंच परंपरा, लोक संस्कृति तथा कला को प्रोत्साहित करना है। नाट्य उत्सव का शुभारंभ 8 जून को नाट्यनुकृति शिमला की ओर से नाटक जहर के मंचन के साथ होगा। इसके बाद 9 जून को द प्लेटफॉर्म संस्था द्वारा डबल ट्रबल, 10 जून को शिमला एक्टिंग अकादमी द्वारा मन के भंवर, 11 जून को द बिगनर्स संस्था द्वारा बिष्टी लाणि और उत्सव का समापन 12 जून को ध्रुवशिखर शिमला द्वारा प्रसिद्ध नाटक अनारो के मंचन के साथ होगा। उपायुक्त शिमला एवं ग्रीष्मोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने बताया कि शिमला ग्रीष्मोत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत को देश-विदेश तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण मंच है। आयोजन समिति द्वारा दर्शकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। संवाद