शिमला। सिरमौर जिले के बडू साहिब स्थित गर्ल्स एटरनल यूनिवर्सिटी में छात्राओं के शौचालय में वीडियो बनाए जाने की घटना को लेकर एबीवीपी ने प्रदेश सरकार को घेरा है। परिषद की प्रदेश मंत्री नैंसी अटल ने कहा कि यह घटना शिक्षा संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है और छात्राओं की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। नैंसी अटल ने कहा कि छात्राओं की सतर्कता से आरोपी पकड़ा गया अन्यथा मामला दब भी सकता था। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उसके मोबाइल तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की मांग उठाई। एबीवीपी ने विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही की निष्पक्ष जांच की भी मांग की है। परिषद ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था के साथ छात्राओं को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की स्थिति भी चिंताजनक है। संगठन ने चेतावनी दी कि मामले में लापरवाही हुई तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा। संवाद