शिमला। राजधानी के लोअर बाजार की सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था ठप हो गई है। लोअर बाजार से सब्जी मंडी के प्रवेश द्वार पर ही कूड़ेदान में भरा कचरा मंगलवार को पैदल रास्ते तक फैल गया। इस कारण स्थानीय दुकानदारों और खरीदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार नगर निगम ने मंगलवार सुबह यहां से कचरा नहीं उठाया। इसके चलते कूड़ेदान से कचरा बाहर सड़क और रास्ते तक फैल गया। इससे सब्जी मंडी में दुर्गंध और गंदगी फैल गई। सब्जियां खरीदने आई खलीनी की ज्योति, सीमा और रेखा ने कहा कि सब्जी सड़क पर दिन के समय रोज ऐसे ही कचरे का ढेर लग रहा है। सोमवार को भी यहां खरीदारी के लिए आई थी तब भी कचरा आधी सड़क तक फैला हुआ था। दुकानदार भूपेंद्र कंवर ने कहा कि पूरे सब्जी मंडी, लोअर बाजार और स्थानीय लोगों के घरों का कचरा भी यहां पर इकट्ठा किया जाता है। यह कचरा पूरा दिन यहीं पड़ा रहता है जिससे पूरे क्षेत्र में बदबू फैली रहती है। रात आठ बजे नगर निगम यह कचरा उठाता है। लोगों ने सुबह के समय भी कचरा उठाने की मांग की है। संवाद