शिमला। बर्फबारी के बाद शहर में फिसलन के चलते लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। रविवार को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शाम 7 बजे तक करीब 70 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार इनमें से करीब 40 मरीज हड्डी और मांसपेशियों से संबंधित चोटों के थे। कई मामलों में हाथ-पैर में फ्रैक्चर, टखने मुड़ने, घुटनों और कमर में गंभीर चोटें दर्ज की गईं। इन घायलों में बड़ी संख्या पर्यटकों की रही जो घूमने के दौरान फिसलकर घायल हो गए। आईजीएमसी के आपातकालीन विभाग में सुबह से ही मरीजों की आवाजाही लगी रही। समरहिल, मालरोड, रिज, खलीनी, संजौली और लक्कड़ बाजार से घायल अस्पताल पहुंचे। अधिकतर मरीजों को एक्स-रे और प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है जबकि कुछ गंभीर मामलों में मरीजों को भर्ती किया गया।