जुन्गा (शिमला)। चियोग के पास बंगापानी स्थित कलौहड़ नाग मंदिर में आयोजित दो दिवसीय ऋषि पंचमी जातर मेला संपन्न हो गया।
मेले में क्षेत्र की करीब 12 पंचायतों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने कलौहड़ नाग मंदिर में माता जैईश्वरी दलेंया और नाग देवता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मेले का शुभारंभ प्रदेश विपणन बोर्ड के सलाहकार नरेंद्र ठाकुर ने किया जबकि समापन समारोह में राज्य आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दीपक राठौर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मेला समिति के अध्यक्ष एवं वजीर सीता राम शर्मा तथा सुरेश वर्मा ने बताया कि रस्साकशी प्रतियोगिता में महिला मंडल चियोग ने प्रथम और ग्रेज ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विजेता टीम को 11 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 5100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। मेले की सांस्कृतिक संध्या में हन्नी नेगी, भारती शर्मा, डॉ. मनोज गंधर्व, रेश्मा पांड्या, दीक्षिता ब्रागटा और सुरेश शर्मा ने हिंदी और पहाड़ी नाटियां प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया। मेले में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश शर्मा, पूर्व प्रधान दिनेश जगटा, घनश्याम शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। संवाद