जुन्गा (शिमला)। जुन्गा क्षेत्र की पंचायत बलोग, भड़ेच, जनेड़घाट, कोटी, शिलोनबाग, पीरन, सतलाई, दरभोग और आसपास के मोबाइल सिग्नल की कमी से लोग परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि निजी कंपनी अपने ग्राहकों से विभिन्न योजनाओं और रिचार्ज के माध्यम से शुल्क तो वसूल रही है, लेकिन गुणवत्तापूर्ण नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने में विफल साबित हो रही है। जुन्गा क्षेत्र के नीरज शर्मा, राकेश ठाकुर, हेतराम, रमेश कुमार सहित अनेक ग्रामीणों ने बताया कि पिछले करीब एक वर्ष से नेटवर्क की समस्या लगातार बनी हुई है। कभी सिग्नल पूरी तरह गायब हो जाते हैं तो कभी इंटरनेट की गति इतनी धीमी रहती है कि ऑनलाइन कार्य करना मुश्किल हो जाता है। उपभोक्ताओं ने जियो कंपनी से मांग की है कि जुन्गा क्षेत्र की पंचायतों में नेटवर्क व्यवस्था को शीघ्र सुदृढ़ किया जाए। संवाद