शिमला। प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति वीरवार से 17 नवंबर तक सभी जिलों में प्रदर्शन करेगी। इसके तहत जिला शिमला के पेंशनर भी वीरवार से राजधानी में जुटेंगे। यहां बैठक के बाद सीटीओ चौक पर प्रदर्शन होगा। समिति 19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव करने के लिए भी प्रदेशभर के पेंशनरों को एकजुट कर रही है। शिमला से कितने पेंशनर इस घेराव में शामिल होंगे, इस संबंध में वीरवार को होने वाली बैठक में रणनीति तैयार की जाएगी। प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने कहा कि सेवानिवृत्त पेंशनरों को संशोधित लीव इन कैशमेंट, ग्रैच्युटी, कम्यूटेशन, पेंशन एरियर और 13 फीसदी महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत का भुगतान नहीं किया है। इसे लेकर पेंशनर अब एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। ब्यूरो