बीसीएस से पंथाघाटी तक जगह-जगह सड़क के किनारे बेतरतीब पार्किंग से बस चालकों समेत अन्य लोग परेशान
निजी बस ऑपरेटरों ने भी पुलिस विभाग से एक तरफ के वाहनों को हटाने की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी की सड़कों पर होने वाली बेतरतीब पार्किंग अब बस चालकों समेत चौपहिया वाहन चालकों के लिए भी परेशानी का सबब बन गई है। मुख्य मार्गों में सड़कों के दोनों ओर वाहनों के खड़ा होने से यातायात प्रभावित हो रहा है, वहीं हादसे का खतरा भी बना रहता है। बीसीएस से पंथाघाटी तक भी मुख्य मार्ग पर यही हाल है। कई जगहों पर निर्माण सामग्री पड़ी रहती है तो वहीं दोनों ओर वाहनों के खड़े होने से बसों समेत अन्य वाहनों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न हो रही है। निजी बस चालकों के मुताबिक इस वजह से आए दिन वाहनों को नुकसान पहुंचता है जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ ही जाम लगने से भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस विभाग से मांग उठाई है कि मार्ग पर एक तरफ वाहन खड़े हों जिससे यातायात में किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न न हो। स्थानीय लोगों ने भी बताया कि सड़क के दोनों ओर वाहनों के खड़े होने से सुबह और शाम के समय पीक ऑवर्स में सबसे अधिक परेशानी पेश आती है। वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से ट्रैफिक जाम लगता है जिस वजह से स्कूल जाने वाले बच्चों के साथ ही सरकारी और निजी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों को भी परेशानियों से जूझना पड़ता है। उन्होंने पुलिस विभाग मुख्य मार्ग पर एक तरफ ही वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था करने की मांग उठाई है। शिमला सिटी निजी बस ऑपरेटर संघ के महासचिव सुनील चौहान ने बताया कि इस बारे में पुलिस के अधिकारियों से भी आग्रह किया गया है। दोनों ओर वाहन खड़े होने से सड़क तंग हो जाती है। इस वजह से कई जगहों पर बसों समेत बड़े वाहनों की आवाजाही में खासी दिक्कतें पेश आती हैं। झगड़ों के साथ ही आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस विभाग से मांग उठाई कि शहर की प्रमुख सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग पर अंकुश लगे और चिह्नित स्थानों पर ही एक तरफ वाहन खड़े हों।