नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
इन्वेस्टर मीट के लिए सात नवंबर को धर्मशाला पहुंच रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकॉप्टर साई के मैदान में उतरेगा। गगल एयरपोर्ट और साथ लगते हेलीपैडों पर हेलीकॉप्टरों को उतारने की वैकल्पिक व्यवस्था रहेगी। जिला प्रशासन ने साई मैदान में लैंडिंग की तैयारियां शुरू कर दी हैं। एसपीजी की टीम ने भी यहां लैंडिंग के लिए हामी भरी है।
इससे पहले भी 27 दिसंबर, 2018 को हुई लाभार्थी रैली के लिए धर्मशाला पहुंचे पीएम के हेलीकॉप्टर साई मैदान में सफलतापूर्वक लैंड हुए थे। साई मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हेलीकॉप्टर लैंड होने की स्थिति में सुरक्षा-व्यवस्था के लिहाज से जिला प्रशासन को कम मशक्कत करनी पड़ेगी। आम लोगों को भी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। साई मैदान सभा स्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लैंडिग साइट से तीन-चार मिनट में ही इन्वेस्टर मीट स्थल तक पहुंच सकेंगे।
साई मैदान से पुलिस ग्राउंड तक लगेंगे मोदी-शाह के कटआउट
इन्वेस्टर मीट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के हेलीकॉप्टर साई मैदान धर्मशाला में उतरेंगे। साई मैदान से आयोजन स्थल पर पूरे रूट पर मोदी और शाह के बड़े-बड़े कटऑउट लगाए जाएंगे। स्थानीय लोगों को भी पीएम और गृहमंत्री के स्वागत के लिए बुलाया जाएगा।
एयर इंडिया ने दिल्ली और शिमला के बीच होने वाली फ्लाइट को 11 नवंबर तक बंद कर दिया है।
हिमाचल में पवन हंस हेली टैक्सी के समय में मंगलवार से वीरवार तक बदलाव किया गया है। चंडीगढ़ में वायुसेना के अभ्यास के चलते 5 से 7 नवंबर तक सुबह 11:00 से दोपहर 01:00 बजे तक एयर स्पेस व्यस्त रहेगा। इसलिए चंडीगढ़-शिमला और शिमला-धर्मशाला की उड़ान निर्धारित समय से एक घंटा पहले कर दी गई है। धर्मशाला-शिमला और शिमला-चंडीगढ़ की उड़ान का समय एक घंटा आगे बढ़ाया गया है।
5 से 7 नवंबर तक चंडीगढ़ से शिमला की उड़ान सुबह 09:15 बजे होगी। शिमला में हेली टैक्सी 09:45 बजे उतरेगी। शिमला से धर्मशाला की उड़ान 09:55 बजे होगी। धर्मशाला में हेली टैक्सी 10:50 बजे उतरेगी। धर्मशाला से शिमला की उड़ान दोपहर 01:00 बजे होगी। शिमला में हेली टैक्सी 01:55 बजे पहुंचेगी। शिमला से चंडीगढ़ हेली टैक्सी की उड़ान 02:15 बजे होगी। चंडीगढ़ में हेली टैक्सी 02:45 बजे पहुंचेगी। आठ नवंबर से हेली टैक्सी अपने पुराने समय पर उड़ान भरेगी।
दिल्ली-शिमला के बीच फ्लाइट 11 तक बंद
एयर इंडिया ने दिल्ली और शिमला के बीच होने वाली फ्लाइट को 11 नवंबर तक बंद कर दिया है। हवाई जहाज के रखरखाव के लिए एयर इंडिया ने सोमवार से फ्लाइट बंद कर दी है। अब 12 नवंबर से दिल्ली और शिमला के बीच फ्लाइट शुरू होगी।