शिमला। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय संजौली में आयोजित विदाई समारोह में मोहित को मिस्टर फेयरवेल और ओशिन को मिस फेयरवेल के खिताब से नवाजा गया। कार्यक्रम में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए भावुकता और उत्साह से भरा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. भारती भागड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का समय केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और जीवन के अनुभवों को संजोने का महत्वपूर्ण चरण होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर सीखते रहने का संदेश दिया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। मॉडलिंग प्रतियोगिता में 65 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें स्वाति को मिस ग्लैमरस, आदर्श को मिस्टर ड्रेस्ड टू किल, हर्ष को मिस्टर एनचांटर ऑफ हार्ट्स और तमन्ना को मिस कैप्टिवेटर ऑफ हार्ट्स के खिताब दिए गए।