शिमला। घरेलू सहायक के रूप में काम करने के दौरान लिए 27 हजार रुपये का उधार वापस न करने के मामले में राजधानी की अदालत ने महिला के पक्ष में फैसला सुनाया है। सिविल जज सुस्मिता शर्मा की अदालत ने प्रतिवादी को आदेश दिया है कि वह वादी महिला को 27 हजार रुपये की मूल राशि के साथ मुकदमा दायर करने की तारीख से लेकर भुगतान होने तक छह फीसदी वार्षिक ब्याज भी अदा करे। टुटू निवासी सपना शर्मा के घर बिहार निवासी रंजीत मुखिया ने वर्ष 2021 से 2024 तक घरेलू सहायक के रूप में काम किया था। उसे हर महीने तय वेतन का नियमित भुगतान किया जाता था। परिवार का विश्वास जीतने के बाद जुलाई 2024 में रंजीत ने पारिवारिक और निजी समस्याओं का हवाला देते हुए सपना शर्मा से 27 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि पैसे लेने के बाद रंजीत काम छोड़कर चला गया। इसके बाद न तो वह वापस लौटा और न ही उसने उधार ली गई रकम चुकाई। इसके बाद महिला ने 17 जुलाई 2025 को अदालत में रिकवरी सूट दायर किया था। संवाद