शिमला। शहर के छोटा शिमला में बिजली बोर्ड के 630 केवी सब स्टेशन शिफ्ट करने के फैसले पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि सब स्टेशन के शिफ्ट होने से यहां बिजली की दिक्कत आ सकती है। इससे पैसों की भी बर्बादी होगी। छोटा शिमला के स्थानीय निवासी विनोद मलिक ने कहा कि इस सब स्टेशन के शिफ्ट होने से स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। वहीं नगर निगम का कहना है कि यहां सामुदायिक और पार्किंग बनने हैं जिससे हजारों लोगों को फायदा होगा। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि यह जगह नगर निगम की है। यहां जनता की मांग पर सामुदायिक केंद्र बनाया जा रहा है। इसका नक्शा भी पास हो गया हैं। बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता तनुज गुप्ता ने बताया कि काम शुरू होने की सूचना मिलने के बाद नगर निगम के अभियंता को नोटिस दिया है। जवाब मिला है कि नगर निगम के महापौर के साथ जल्द ही मौके पर ज्वाइंट इंस्पेक्शन की जाएगी। संवाद