लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान होते ही आदर्श आचार संहिता लगने से राज्य चय आयोग के माध्यम से अब नई भर्तियां नहीं हो पाएंगी। हालांकि नवगठित आयोग के माध्यम से पूर्व में जारी ऑपरेशन थियेटर असिस्टेंट और ग्रुप इंस्ट्रक्टर की भर्ती प्रक्रिया जारी रहेगी। दोनों भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर राज्य चयन आयोग की तरफ से औपचारिक रूप से चुनाव आयोग को पत्राचार किया जाएगा। प्रदेश राज्य चयन आयोग ने ग्रुप इंस्ट्रक्टर के 12 पदों की भर्ती के लिए कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) के लिए 26 मार्च तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन मांगे हैं। इसके अलावा 30 मार्च को ऑपरेशन थियेटर असिस्टेंट (ओटीए) पोस्ट कोड 1073 के 162 पदों के लिए सीबीटी तय है। आयोग के गठन के चार माह बाद आयोग की वेबसाइट अभ्यर्थियों के लिए शुरू कर दी है। आयोग के प्रशासनिक अधिकारी जितेंद्र सांजटा ने कहा कि नई भर्ती प्रक्रियाएं शुरू नहीं होंगी। लेकिन पूर्व में जारी भर्ती प्रक्रियाएं जारी हैं। उन्हें पूरा किया जाएगा।