शिमला। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मशोबरा में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू हुआ। इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामुदायिक सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में शिक्षाविद नरेंद्र सूद ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। प्रधानाचार्य मीनाक्षी सूद ने एनएसएस के उद्देश्यों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस निस्वार्थ सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का सशक्त माध्यम है। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शैला भट्ट ने कहा कि यह शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक संवेदनशीलता विकसित करेगा। इसका मूल मंत्र मैं नहीं, बल्कि आप निस्वार्थ सेवा का प्रतीक है। कार्यक्रम में शिव देव, आशा और विद्यालय की पूर्व शिक्षिका डॉ. कंचन वर्मा भी विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की। संवाद