आईएस के नाम पर हिमाचल के सुबाथू स्थित सेना छावनी को उड़ाने की धमकी देने के मामले की जांच अब स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम करेगी। पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद एसपी सोलन ने मामले की जांच को टीम बना दी है।
टीम सुबाथू में लिखे मिले आईएस के नारे और धमकी के अलावा सोलन में पहले भी लिखे मिले आईएस के नारे और झंडे के मामले की जांच करेगी। एसपी सोलन अंजुम आरा ने बताया कि टीम इस बात की भी जांच करेगी कि क्या सोलन, चिड़गांव और कुल्लू में आईएस आतंकी के पकड़े जाने में कोई कनेक्शन है या नहीं।
अगर शरारत की भी बात सामने आती है तो भी शरारत करने वालों को हर हाल में पकड़ा जाए। सोलन के सुबाथू में सेना की छावनी में आईएस के नारे और बम धमाके करने की धमकी के छह दिन बाद भी सोलन पुलिस अब तक खाली हाथ थी।
पिछली घटनाओं को शरारत बताने वाली पुलिस अब तक इस घटना से जुड़ा एक भी सुराग नहीं ढूंढ सकी थी। चूंकि, मामला आईएस की ओर से सुबाथू छावनी को उड़ाने की धमकी का था, इसलिए पुलिस मुख्यालय शुरू से स्पेशल टीम बनाने के पक्ष में था।
स्थानीय अफसर जांच का भरोसा दे रहे थे, लेकिन छह दिन खाली हाथ रहने के बाद विशेष जांच टीम गठित कर दी है। बता दें, कुल्लू में आईएस एजेंट पकड़े जाने, चिड़गांव और फिर दो बार सोलन में आईएस के समर्थन में नारे लिखने के मामले सामने आए थे।
हर मामले में पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद शरारत बताते हुए इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया। इस बार सेना की छावनी उड़ाने की धमकी के बाद जांच विशेष टीम से करवाई जा रही है।