जुन्गा (शिमला)। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना 2025-26 की तिथि को केंद्र सरकार ने 15 जनवरी तक बढ़ा दिया है। किसान इस अवधि के दौरान गेहूं और जौ की फसल का बीमा करवा सकते हैं। यह जानकारी कृषि उपनिदेशक डॉ. अजब नेगी ने दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत गेहूं की फसल के लिए 900 रुपये प्रति हेक्टेयर अथवा 72 रुपये प्रति बीघा और जौ की फसल के लिए 750 रुपये प्रति हेक्टेयर अथवा 60 रुपये प्रति बीघा प्रीमियम किसान को अदा करना पड़ेगा। डॉ. नेगी ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में गेहूं की फसल के लिए बीमित राशि 60 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर और जौ की फसल के लिए 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर बीमा राशि निर्धारित की है। किसान अपनी फसल का बीमा बैंक, लोक मित्र केंद्र और ऑनलाइन करवा सकते हैं। इसके लिए किसान को अपना आधार कार्ड, भूमि दस्तावेज, फसल प्रमाण पत्र साथ लगाना होगा। संवाद