निरीक्षक ग्राहक बनकर पहुंचे खरीदारी करने
खाद्य टीम ने मौके से जब्त की 55 किलोग्राम दालें
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। कोरोना वायरस को लेकर लगे कर्फ्यू के बीच कुछ दुकानदार मुनाफाखोरी में जुटे हुए हैं। शहर में कुछ करियाना दुकानदार खाद्य पदार्थों के अधिक दाम वसूल रहे हैं। शनिवार को खाद्य महकमे की टीम ने खलीनी का दौरा किया। यहां महकमे के निरीक्षक स्वयं सामानों की पर्चियां लेकर राशन लेने के लिए लाइन में खड़े हो गए। निरीक्षकों ने जब राशन की दरों की जांच की तो पता चला कि मलका और मूंग की दालें दो से तीन रुपये महंगी बेची जा रही हैं। यहां छह दुकानों का निरीक्षण किया गया। मौके पर दो दुकानदारों को नोटिस जारी किए हैं। जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले श्रवण कुमार हिमालयन ने बताया कि 6 दुकानों का खलीनी में निरीक्षण किया था। जांच में पाया गया कि दो दुकानदार मनमाने दामों पर दालें बेच रहे हैं। मौके से 55 किलो दालें जब्त की गई हैं।