शिमला। शहर के रामनगर निवासी नितिका शर्मा ने पीएचडी की उपाधि हासिल कर अपनी उपलब्धियों में एक नया अध्याय जोड़ लिया है। सोमवार को अभिलाष यूनिवर्सिटी मंडी में उनका अंतिम मौखिक शोध परीक्षण (फाइनल वाइवा) सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसके साथ ही उन्हें डॉक्टरेट की उपाधि के लिए योग्य घोषित किया गया। नितिका मूल रूप से सोलन जिले की अर्की तहसील के कनोह गांव की निवासी हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से शिमला में रह रही हैं। वर्तमान में वह मॉडर्न एजुकेशन कॉलेज, अनाडेल में बीएड की प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। नितिका ने बताया कि यह सफलता वर्षों की मेहनत, निरंतर अध्ययन और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम है। इनके पति राकेश पंडित ने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र की उन बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है, जो उच्च शिक्षा हासिल कर अपने सपनों को साकार करना चाहती हैं। संवाद