जांच में सामने आया है कि सन्नी ने शुरू में यहां एक दुकान पर काम किया और बाद में खुद की दुकान खोली। आठ साल पहले उसने मास्को निवासी एक युवती से विवाह किया। उनकी एक छह वर्षीय बेटी है। करीब एक साल पहले ही आरोपी ने कोतवाली बाजार के समीप नगर निगम के वार्ड नंबर चार में दो मंजिला मकान खरीदा है, जहां पर वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ रहता है। बताया जा रहा है कि धर्मशाला के आसपास भी कुछ जगहों पर उसने जमीन खरीदी है। करीब सात साल से सन्नी कई बार अपनी पत्नी के साथ विदेश आता-जाता रहा है। आरोप है कि सन्नी ने पत्नी के साथ मिलकर डंकी रूट से कुछ लोगों को विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये एकत्रित किए हैं।
सन्नी पर मानव तस्करी के साथ ही मनी लांडि्रंग के भी आरोप हैं। जिस पर एनआईए ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 143 मानव तस्करी, धारा 238 अपराध के साक्ष्य गायब करने या अपराधी को छिपाने के लिए गलत जानकारी, धारा 318 धोखाधड़ी, धारा 61(2) आपराधिक साजिश रचना और पंजाब ट्रेवल प्रोफेशनल रेगुलेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। उधर, कांगड़ा की एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि एनआईए सन्नी को घर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर डंकी रूट से कुछ लोगों को विदेश भेजने और मानव तस्करी के आरोप लगे हैं।