आर्यन पब्लिक स्कूल कांसाकोटी तहसील रोहड़ू जिला शिमला की दसवीं कक्षा की छात्रा नव्या ठाकुर ने द्वितीय शूटिंग बाल विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता है। छात्रा की इस उपलब्धि से प्रदेश को गौरव हासिल हुआ है। भारत सरकार से मान्यता प्राप्त शूटिंग बाल फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से अंतरराष्ट्रीय शूटिंग बाल फेडरेशन के बैनर तले 1 से 3 फरवरी को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम नई दिल्ली में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 8 देशों की महिला और पुरुष वर्ग की टीमों भारत, न्यूजीलैंड, कनाडा, नेपाल, म्यांमार, सूडान, अमेरिका और श्रीलंका की टीमों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में महिला भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया और पुरुष वर्ग में कनाडा की टीम ने फाइनल में भारत को हराकर स्वर्ण पदक जीता। नव्या द्वितीय शूटिंग बाल विश्व कप में महिलाओं की टीम में नेटर की भूमिका निभा रही थी। इस उपलब्धि पर नव्या के परिवार, शिक्षकों और प्रशिक्षकों में खुशी का माहौल है। हिमाचल प्रदेश शूटिंग बाल एसोसिएशन की ओर से इस उपलब्धि के लिए सम्मान समारोह अप्रैल में होगा।