रामपुर बुशहर। भारतीय डाक विभाग की ओर से विश्व डाक दिवस और राष्ट्रीय डाक सप्ताह के तहत रामपुर डाक मंडल में 9 से 15 अक्तूबर तक जागरूकता एवं जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान लोगों को डाक विभाग की सेवाओं और बचत योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। अधीक्षक डाकघर रामपुर दिनेश प्रकाश ने बताया कि अभियान का उद्देश्य डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं और योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि डाक विभाग पत्रों और पार्सलों के वितरण के अलावा बचत योजनाओं, डाक जीवन बीमा, आधार सेवाओं, डिजिटल बैंकिंग और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से भी लोगों को सुविधाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय डाक सप्ताह के दौरान वित्तीय साक्षरता, बचत योजनाओं, डाक जीवन बीमा और डिजिटल सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विद्यार्थियों, ग्रामीणों, वरिष्ठ नागरिकों और आम लोगों को इन सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा ताकि दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी इसका लाभ उठा सकें।