राष्ट्रीय आइस हॉकी प्रतियोगिता
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति के काजा में चल रही राष्ट्रीय आइस हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन हिमाचल की पुरुष टीम ने जीत दर्ज की, लेकिन महिला टीम को हार का सामना करना पड़ा। कृत्रिम बर्फ से बने रिंक पर शनिवार को सुबह आठ बजे पुरुष वर्ग का पहला मैच महाराष्ट्र और यूटी लद्दाख के बीच हुआ। यूटी लद्दाख ने महाराष्ट्र को 30- 0 सो हराया। दूसरा मैच हिमाचल और राजस्थान के बीच हुआ। इसमें भी हिमाचल ने राजस्थान पर एकतरफा जीत हासिल की। हिमाचल ने 27 गोल किए और राजस्थान के खिलाड़ी एक गोल भी नहीं कर सके। महिला वर्ग में पहला मैच हिमाचल और आईटीबीपी के बीच खेला गया। इसमें आईटीबीपी ने हिमाचल को 7-1 से हराया। वहीं, तेलंगाना और राजस्थान के बीच हुए मुकाबले में तेलंगाना ने 2-0 से जीत हासिल की। प्रतियोगिता में हिमाचल समेत अन्य राज्यों की 11 टीमें भाग ले रही हैं। पुरुष वर्ग में सेना, आईटीबीपी, यूटी लद्दाख, हिमाचल, राजस्थान और महाराष्ट्र और महिला वर्ग में हिमाचल, आईटीबीपी, यूटी लद्दाख, तेलंगाना और राजस्थान की टीमें हिस्सा ले रही हैं।