शिमला। हिमाचल प्रदेश राजकीय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के वर्दी और सुविधा भत्ते में वृद्धि करने की मांग की है। महासंघ के महासचिव बलदेव राज ठाकुर ने बताया कि कर्मचारियों की इन मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र के माध्यम से अवगत करवाया है। कहा कि कर्मचारियों के वर्दी भत्ते में 21 सालों से कोई वृद्धि नहीं हुई है। साल 2002 से वर्दी भत्ता 140 रुपये मिल रहा है। कहा कि भत्ते को 500 रुपये प्रति माह किया जाए। इसी तरह सुविधा भत्ता 1996 से 50 रुपये मिला रहा है। सरकार चार वेतन आयोग की सिफारिशें लागू कर चुकी है लेकिन कर्मचारियों के सुविधा भत्ते में वृद्धि नहीं की। उन्होंने पंजाब की तर्ज पर सुविधा भत्ता 600 रुपये प्रतिमाह देने की मांग की है। इसके अलावा महासंघ ने कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 58 वर्ष से बढ़कर 60 वर्ष करने की मांग की है। महासचिव बलदेव राज ठाकुर ने बताया कि 2021 के बाद लगे अंशकालीन, दैनिक भौगी, कान्ट्रैक्ट, रेगुलर चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को 11 से 14 साल का समय रेगुलर होने में लग जाता है। इस स्थिति में कर्मियों की सेवा को 60 वर्ष किया जाए। कहा कि सरकार आगामी कैबिनेट बैठक में इन विषयों पर चर्चा करके जल्द की अधिसूचित करके कर्मचारियों को लाभान्वित करें। संवाद