शिमला। राजधानी के मशोबरा में चल रहे मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम में सोमवार को महिलाओं के लिए विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में उन्हें मशरूम उत्पादन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बागवानी विभाग से आए शरद गुप्ता ने महिलाओं को मशरूम उत्पादन के लिए उपलब्ध सरकारी सब्सिडी यानी आर्थिक सहायता के बारे में बताया। हिमाचल प्रदेश में मशरूम की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। बोले सरकार की ओर से मशरूम कंपोस्ट, शेड निर्माण और प्रशिक्षण पर 50 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसके अलावा आरसेटी के माध्यम से मार्केटिंग और बैंक ऋण की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है। गुप्ता ने इस बात पर जोर दिया कि हिमाचल में मशरूम की खेती स्वरोजगार का एक बेहतर माध्यम है जो विशेष रूप से ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए आय के नए अवसर खोल सकती है। संवाद