शिमला। शहर के कंगनाधार वार्ड में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बनाई गई तीन मंजिला पार्किंग नगर निगम को मिल गई है। निर्माण के बाद से विवादों में रही यह पार्किंग हिमुडा ने अब नगर निगम को सौंप दी है। अभी तक इसका संचालन हिमुडा कर रहा था। इसमें हिमुडा अलॉटीज को ही गाड़ी पार्क करने की सुविधा मिल रही थी। इस पर स्थानीय पार्षद रामरत्न वर्मा ने सवाल उठाए थे। पार्षद का कहना था कि वार्ड के बाकी लोगों को भी इसकी सुविधा दी जाए। पार्किंग को नगर निगम को सौंपने के लिए शहरी विकास विभाग से लेकर सरकार स्तर पर यह मामला उठाया गया। अब इसकी प्रक्रिया पूरी हो गई है। हिमुडा ने इसे नगर निगम को सौंप दिया है। वार्ड पार्षद रामरत्न वर्मा ने कहा कि 60 गाड़ियों की क्षमता वाली इस पार्किंग में अब वार्ड के सभी लोग शुल्क देकर सुविधा ले सकेंगे। नगर निगम की पार्किंग दरों पर इसका संचालन किया जाएगा। इसे हैंडओवर करने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। कंगनाधार वार्ड में पार्किंग की भारी कमी है। ज्यादातर लोग अभी तक सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर रहे हैं। पार्किंग सुविधा मिलने से लोगों को राहत मिलेगी। ब्यूरो