इससे केलांग-उदयपुर सड़क में छह घंटे वाहन आवाजाही बाधित रही। कुल्लू में रिवर राफ्टिंग रोक दी गई है। जिला चंबा में मूसलाधार बारिश से भरमौर-पठानकोट हाईवे पर दुर्गेठी के पास 12 मीटर डंगा ढह गया। जलस्तर बढ़ने पर जटौन बैराज के फ्लड गेट शनिवार सुबह आधे घंटे के अंतराल में दो बार खोलने पड़े। परवाणू से सोलन तक कई जगह सड़क पर पत्थर और मलबा गिरा। परवाणू की कामली सड़क में भूस्खलन होने से कई उद्योगों में कच्चा माल समय से नहीं पहुंचा।
भटिंडा जा रही पंजाब रोड़वेज की बस हवा में लटकी
शनिवार तड़के बडू साहिब से भटिंडा जा रही पंजाब रोडवेज की एक बस खैरी से सटे कोट के समीप सड़क से बाहर हवा में लटक गई। बस में चालक व परिचालक समेत 20 लोग सुरक्षित बाहर निकाले गए। नाहन-रेणुकाजी सड़क पर क्यारटू के पास रेणुकाजी जा रही एचआरटीसी की चलती बस पर शनिवार को चीड़ का पेड़ गिर गया। इस दौरान बस में सवार सवारियां बाल-बाल बच गईं।
मानसून सीजन सामान्य रहने के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने कहा कि प्रदेश में इस बार मानसून सामान्य रहने के आसार हैं। शिमला, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा जिला के अधिकांश क्षेत्रों में 27 जून तक भारी बारिश का पूर्वानुमान है। सितंबर अंत तक मानसून सक्रिय रहेगा।
सैलानियों से अपील, विभिन्न क्षेत्रों में यात्राएं करते समय सतर्कता बरतें
प्रधान सचिव राजस्व ओंकार शर्मा ने कहा कि सरकार ने प्रदेश में आने वाले सैलानियों से अपील की कि वे राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में यात्राएं करते समय सतर्कता बरतें। नदी-नालों के किनारे न जाएं। उन्होंने कहा कि होमगार्ड, सिविल डिफेंस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ आदि की टीमें जगह-जगह पर तैनात की गई हैं।
शिमला में 15 साल बाद, कांगड़ा में पहली बार 12 घंटे में रिकॉर्ड बारिश
शिमला में 15 साल बाद और कांगड़ा में पहली बार जून के दौरान 12 घटों में रिकॉर्ड बारिश हुई है। शुक्रवार रात आठ बजे शनिवार सुबह आठ बजे तक शिमला में 99 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे पहले साल 2008 में शिमला में 12 घंटों में 123 मिलीमीटर बारिश हुई थी। कांगड़ा में शुक्रवार रात को 143 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। कांगड़ा में जून के दौरान एक रात में यह सबसे अधिक बारिश हुई है। इससे पहले वर्ष 2021 में जून के दौरान कांगड़ा में 107 मिलीमीटर बारिश का रिकॉर्ड था।
एक से 24 जून तक सामान्य से 10 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड
प्रदेश में एक से 24 जून तक सामान्य से 10 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई है। इस अवधि में 71 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है। इस दौरान 78.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
क्षेत्र बारिश मिलीमीटर में
कसौली 145
कांगड़ा 143
शिमला 99
गोहर 81
संगड़ाह 80
जुब्बड़हट्टी 77
पंडोह 74
सुंदरनगर 70
धर्मशाला 47