शिमला। दमकल विभाग की टीम ने रविवार को शहर के लोअर बाजार में मॉक ड्रिल की। सुबह 11:45 बजे दमकल की बड़ी गाड़ी सीटीओ चौक से लोअर बाजार की ओर रवाना हुई। इस दौरान सड़क पर कई तहबाजारियों ने सामान सजा रखा था। दमकल वाहन आता देखकर तहबाजारी सामान समेटने लगे। दमकल वाहन ने सीटीओ से नाज चौक तक का सफर नौ मिनट में पूरा किया। आम दिनों में सात से आठ मिनट में दमकल वाहन यह सफर पूरा करता है। रविवार को संडे मार्केट के चलते बाजार से गुजरने में नौ मिनट का समय लग गया। वहीं दमकल वाहन के गुजरने के बाद तहबाजारियों ने फिर सड़क पर दुकानें सजा दीं। संडे मार्केट में सामान की खरीदारी करने के लिए रविवार को काफी लोग लोअर बाजार पहुंचे थे। ब्यूरो