चौपाल (रोहड़ू)। वन परिक्षेत्र सरैन और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरैन ने संयुक्त अभियान चलाया। वन्यजीव सप्ताह और स्वच्छता पखवाड़े के तहत आयोजित इस अभियान में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान सरैन बाजार, स्थानीय रास्तों और चूड़धार ट्रैक की सफाई कर लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव-विविधता के महत्व और प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों को हाल्दा जुब्बड़ और कपर नेचर पार्क का भ्रमण करवाया गया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा को करीब से जाना और वन्यजीवों व उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण के महत्व को समझा। वन परिक्षेत्र अधिकारी विजय कुमार और विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह नेगी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वनों और वन्यजीवों की रक्षा करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संपदा को संरक्षित रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। साथ ही वन्यजीवों और वन संपदा की अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए भी सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। विद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ललित कुमार हिमटा ने अभियान में सहयोग देने के लिए वन परिक्षेत्र अधिकारी विजय कुमार, उप वन राजिक सोहन सिंह, वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार जताया।