शिमला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मैहली में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान बीते शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। नई परिसर प्रणाली के तहत मैहली स्कूल के अधीन आने वाले अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी समारोह में हिस्सा लिया। स्कूल प्रबंधन के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्य ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर वर्षभर की शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों की उपलब्धियां साझा कीं। इसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इनमें हिमाचली नाटी, समूह गान, पंजाबी नृत्य और देशभक्ति गीतों पर आधारित प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कक्षा 12वीं में स्नेहा, अनुष्का और सागर, कक्षा 10वीं में निशांत, अंचल और हरिप्रकाश तथा कक्षा पांचवीं में समिता और शिवानी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मैहली पंचायत के प्रधान टेकचंद वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा निशा भलूनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इसके अलावा बीईईओ कसुम्पटी मधुबाला, विद्यालय के शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। संवाद