मैराथन के प्रतिभागी मुख्यातिथि के साथ।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में राज्य स्तरीय मैराथन के पुरुष वर्ग में मंडी के अनीस और महिला वर्ग में हमीरपुर की कनीजो ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। रमेश कुमार व नागेंद्र ने क्रमश: दूसरा व तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में सुनीता और गंगा पहले व दूसरे स्थान पर रहीं। पुरुष व महिला वर्ग में पहले तीन स्थान प्राप्त करने वालों को प्रथम पुरस्कार में 7100, दूसरे स्थान के लिए 6100 तथा 5100 रुपये की नकद राशि प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। वहीं अंडर-16 लड़कियों के वर्ग में आयोजित 6 किलोमीटर दौड़ में बैजनाथ की स्नेहा प्रथम, चौंतड़ा की सोनल दूसरे तथा संसाल की कंगना तीसरे स्थान पर रहीं। प्रथम स्थान के लिए 4100, दूसरे स्थान पर 3100 तथा तीसरे स्थान के लिए 2100 रुपये की इनामी राशि दी गई। जबकि दस अन्य धाविकाओं को भी सांत्वना राशि दी गई।
अंडर-14 वर्ग में आयोजित 3 किलोमीटर दौड़ में मंडी के गौरव प्रथम, संसाल के सुशांत दूसरे व पीयूष ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता को 4100, दूसरे स्थान के लिए 3100 और तीसरे स्थान के लिए 2100 रुपये की इनामी राशि दी गई। तहसीलदार डॉ. मुकुल अनिल शर्मा ने सभी विजेता प्रतिभागियों को नकद इनामी राशि प्रदान कर पुरस्कृत किया। इससे पहले युवाओं को नशे से दूर रखने तथा खेलों के प्रति आकर्षित करने को तहसीलदार ने इस मैराथन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस मैराथन प्रतियोगिता के पुरुष व महिला वर्ग में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों के अतिरिक्त अन्य दस स्थानों में अव्वल रहे धावकों को भी एक-एक हजार रुपये की इनामी राशि प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर कोच गोपाल ठाकुर, डॉ. सुनील ठाकुर सहित खेल समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।