हिमस्खलन से दो घंटे बंद रहा मनाली-दारचा मार्ग
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में हिमस्खलन की घटनाएं नहीं थम रहीं। मंगलवार शाम को करीब सात बजे के आसपास मनाली-दारचा हाईवे-तीन पर तेलिंग नाला के पास हिमस्खलन से मार्ग दो घंटे तक बंद रहा। गनीमत रही कि हिमस्खलन के दौरान कोई भी वाहन सड़क पर नहीं चल रहा था। हालांकि हिमस्खलन से कुछ वाहन दोनों तरफ फंस गए। सूचना के बाद बीआरओ ने हिमस्खलन से सड़क पर आई बर्फ को हटाने के लिए मशीनों को तैनात कर दिया और रात का अंधेरा होने के बाद भी काम जारी रखा। रात करीब पौने नौ बजे बीआरओ ने कड़ी मशक्कत के बाद सड़क को बहाल कर दिया। बीआरओ कमांडर कर्नल शबरीच वाचली ने कहा कि बीआरओ ने मशीनरी से हिमस्खलन के मलबे को साफ कर दिया है।