शहर में लोडिंग-अनलोडिंग के लिए चिन्हित होंगे स्थान
शिमला। शहर और उपनगरों में सामान लोड और अनलोड करने के लिए कारोबारियों को अब चिन्हित स्थानों की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने शहर में कुछेक जगह चिन्हित कर दी हैं। जल्द ही इनकी सुविधा दी जाएगी। शिमला व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ एसडीए शहरी मंजीत शर्मा ने कार्टरोड, खलीनी, छोटा शिमला, कसुम्पटी, लक्कड़ बाजार, संजौली, ताराहॉल आदि इलाकों का दौरा किया और यहां कारोबारियों की ओर से सुझाए स्थानों का निरीक्षण किया। शिमला व्यापार मंडल अध्यक्ष हरजीत मंगा ने कहा कि शहर में लोडिंग अनलोडिंग स्थान चिन्हित न होने से कारोबारियों को परेशानी आ रही है। पुलिस गाड़ियों को खड़ा नहीं होने देती और चालान कट रहे हैं। कई जगह कारोबारियों को रात के समय सामान उठाना पड़ता है। शहर से भी यदि सामान उपनगरों के लिए ले जाना हो तो परेशानी आ रही है। स्थान चिन्हित होने से कारोबारियों को राहत मिलेगी और वह अपना सामान लोड और अनलोड कर सकेंगे। एसडीएम शहरी मंजीत शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के बाद रिपोर्ट उपायुक्त को भेज दी है। इस निरीक्षण में व्यापार मंडल उपाध्यक्ष अजय सरना, महासचिव नितिन सोहल, सहसचिव तरुण राणा भी मौजूद रहे।