शिमला। शहर के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर के टेवरन हॉल में आयोजित एचसी राय मेमोरियल आर्ट फेस्ट में लाइव चित्रकारी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां कला के माध्यम से बचपन की यादों को जीवंत करने का प्रयास किया जा रहा है। मंगलवार को भी प्रदर्शनी देखने के लिए लोगों की खासी भीड़ उमड़ी। इन चित्रों को शिमला निवासी टीना सक्सेना ने तैयार किया है। उन्होंने चित्रकारी में मुख्य रूप से जलरंगों का प्रयोग किया है। टीना ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से चित्रकारी कर रही हैं। चित्रकारी के साथ उन्हें कविता लेखन और फोटोग्राफी का भी शौक है। वह मौके पर ड्रैगन का एक चित्र भी बना रही हैं। इसकी खास बात यह है कि इसे पूरा करने में अन्य कलाकार भी अपना योगदान देंगे। टीना ने बताया कि रंगों के माध्यम से बचपन की यादों को ताजा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस चित्र की विशेषता यह है कि कई कलाकार मिलकर रंगों के जरिए अपनी भावनाओं और विचारों को अभिव्यक्त करेंगे। संवाद